Current Posts

आस्था की डुबकी, माघ मेला 2027 में संगम स्नान के लिए उमड़ेगा जनसैलाब

Magh mela 2026 image

प्रयागराज। संगम नगरी में लगने वाले माघ मेला 2027 में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर है। महाकुंभ की तर्ज पर माघ मेले को भव्य और सुरक्षित बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रशासन ने प्रमुख स्नान पर्वों पर परिवहन निगम की बसों को निशुल्क चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है। हालांकि यह अभी प्रस्ताव के स्तर पर ही है और इस पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

रेलवे का दबाव घटाने की कवायद

प्रस्ताव का मकसद रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ और यात्रियों का दबाव कम करना है। हाल ही में मंडलायुक्त की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में प्रयागराज मंडल के एडीआरएम ने ट्रेनों और स्टेशनों पर अत्यधिक भीड़ से होने वाली परेशानियों का मुद्दा उठाया था। उन्होंने रेलवे का बोझ घटाने के लिए रोडवेज बसों के निशुल्क संचालन का सुझाव दिया। मंडलायुक्त ने इसकी अहमियत को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

परिवहन निगम के एमडी को भेजा गया पत्र

इन निर्देशों के अनुपालन में यूपी रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक, प्रयागराज रविंद्र कुमार सिंह ने परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को आधिकारिक पत्र भेजा है। अब सभी की निगाहें निगम मुख्यालय की अनुमति पर टिकी हैं। मंजूरी मिलने के बाद ही यह तय होगा कि किन पर्वों पर और किन मार्गों पर यह सुविधा मिलेगी।

ये हैं प्रमुख स्नान पर्व

माघ मेला 2026-27 की अवधि 14 जनवरी से 6 मार्च 2027 तक, यानी कुल 52 दिन की होगी। प्रमुख स्नान पर्वों में 14/15 जनवरी को मकर संक्रांति और 6 फरवरी को मौनी अमावस्या शामिल हैं। 20 फरवरी को माघी पूर्णिमा और 6 मार्च को महाशिवरात्रि का स्नान होगा।

बसों का बड़ा बेड़ा भी तैयार

मुफ्त सफर के प्रस्ताव के साथ रोडवेज ने बसों की संख्या बढ़ाने की तैयारी भी की है। माघ मेला 2026 के मुकाबले इस बार 300 अतिरिक्त बसें चलेंगी और कुल संख्या 2800 हो जाएगी। श्रद्धालुओं को संगम क्षेत्र के नजदीक तक पहुंचाने के लिए नेहरू पार्क के पास, झूंसी और नैनी के लेप्रोसी चौराहे पर अस्थायी बस स्टेशन बनाए जाएंगे। विद्या वाहिनी मैदान से भी बसें चलती रहेंगी, जबकि बेला कछार में इस बार अस्थायी बस स्टेशन नहीं बनेगा।

50 इलेक्ट्रिक बसें चलाएंगी शटल सेवा

कल्पवासियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में 50 इलेक्ट्रिक बसें शटल सेवा के रूप में चलेंगी। ये रेलवे स्टेशनों, अस्थायी बस अड्डों, मुख्य पार्किंग स्थलों और संगम तट को जोड़ेंगी। प्रमुख स्नान पर्वों पर फेरे बढ़ाए जाएंगे, जिससे हर पांच मिनट में बस मिलेगी। बैकअप प्लान के तहत जरूरत पड़ने पर जनवरी के शुरुआती दिनों में लखनऊ, कानपुर और वाराणसी से 25 और ई-बसें प्रयागराज लाई जाएंगी।

Check Also

 पीएम मोदी 13वीं बार जवानों संग दिवाली मनाएंगे, पिछले साल INS विक्रांत पहुंचे थे; सबसे ज्यादा 3 बार जम्मू-कश्मीर, 2 बार लद्दाख गए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2014 में पद संभालने के बाद से सेना और सुरक्षा बलों …